
Ranchi: राजधानी रांची की मुख्य सड़कों पर हर रोज लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। शहर के व्यस्त रास्तों पर सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस ने एक बड़ा फैसला लिया है। शहर की प्रमुख सड़कों पर बने 25 से अधिक डिवाइडर कट को बंद करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इन कट्स की वजह से गाड़ियां बेतरतीब ढंग से मुड़ती थीं, जिससे पीछे लंबी कतारें लग जाती थीं और लोगों का 5 से 10 मिनट का समय बर्बाद हो जाता था।

पंडरा और ओटीसी ग्राउंड के पास बंद किए गए कट
यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ जगहों पर काम शुरू भी कर दिया है। रातू रोड एलिवेटेड रोड के मुहाने पर ओटीसी ग्राउंड के पास स्लाइडिंग बैरियर लगाकर कट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके अलावा काजू बागान मार्ग और पंडरा रोड पर बने दो अन्य कट पर भी बैरिकेडिंग कर दी गई है। बीते 11 सितंबर की रात खुद एसएसपी राकेश रंजन ने अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरकर इन कट्स की वजह से बनने वाले जाम का जायजा लिया था और तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए थे।

इन प्रमुख सड़कों पर भी लगेगी स्लाइडिंग बैरिकेडिंग
सर्वे के आधार पर पुलिस ने पाया है कि शहर की मुख्य सड़कों पर बने ये कट पिक आवर में जाम की सबसे बड़ी वजह बनते हैं। छोटे-बड़े वाहन चालक इन कट्स से अचानक दाहिनी या बाईं ओर मुड़ जाते हैं, जिससे सीधे जाने वाली गाड़ियों की रफ्तार थम जाती है। आने वाले दिनों में कांके रोड, बरियातू रोड, रातू रोड, हरमू रोड, अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल के बीच, डोरंडा-हिनू मार्ग, कांटाटोली-बूटी चौक मार्ग और लोवाडीह मार्ग पर मौजूद ऐसे सभी खतरनाक कट्स को स्लाइडिंग बैरियर लगाकर बंद कर दिया जाएगा।
ट्रैफिक जवानों की तैनाती के बाद भी बेअसर साबित हो रही थी व्यवस्था
पिस्का मोड़ और ओटीसी ग्राउंड की ओर आने-जाने वाले वाहनों के कारण स्थिति इतनी खराब हो जाती थी कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद ट्रैफिक संभालना मुश्किल हो रहा था। हरमू और रातू रोड जैसे व्यस्त इलाकों में तैनात ट्रैफिक जवान भी इस बेतरतीब मोड़ के आगे बेबस नजर आ रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन 25 से अधिक कट्स के पूरी तरह बंद होने के बाद वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी, जिससे शहर वासियों को रोजाना के जाम से बड़ी राहत मिलेगी।


