
Bokaro: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के व्यस्त नया मोड़ इलाके में चाय पीने के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई, जिसमें घायल हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना में पिंडरगड़िया खटाल और बारी को-ऑपरेटिव इलाके के लोग आमने-सामने आ गए हैं।

एक पक्ष का आरोप, जबरन गाड़ी में बैठाकर की गई मारपीट
घटना को लेकर राहुल कुमार सिंह का कहना है कि वे लोग नया मोड़ के पास चाय पीने के लिए रुके हुए थे। इसी दौरान दो गाड़ियों से कुछ लोग वहां पहुंचे और रितेश सिंह को जबरन गाड़ी में खींचकर बैठाने की कोशिश करने लगे। जब इसका विरोध किया गया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। राहुल का आरोप है कि इस हमले में उनका पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है और घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

दूसरे पक्ष की दलील, चाय गिरने के बाद की गई थी माफी की मांग
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष के जितेंद्र कुमार यादव ने अपनी अलग कहानी बताई है। उनका कहना है कि चाय पीने के दौरान गलती से चाय रितेश के कपड़ों पर गिर गई थी, जिसके लिए उन्होंने तुरंत माफी भी मांग ली थी। इसके बावजूद पहले पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनका यह भी आरोप है कि रितेश को वहां से ले जाने के बाद भी उसके साथ मारपीट की गई। दोनों पक्षों की तरफ से अलग-अलग बयान सामने आने के बाद मामला पूरी तरह उलझ गया है।
पुलिस बोली, लिखित आवेदन मिलते ही होगी सख्त कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को जैसे ही नया मोड़ स्थित चाय दुकान पर मारपीट होने की सूचना मिली, वैसे ही तुरंत पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर भेजी गई और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक अपनी-अपनी बातें रखी गई हैं, और जैसे ही थाने में लिखित आवेदन प्राप्त होगा, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


