
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के आदापुर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक श्यामपुर बाजार स्थित जियो कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक लोग उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुई।

लोगों की समझाइश के बाद टावर से उतरी युवती
मौके पर मौजूद लोगों ने युवती को काफी देर तक समझाने की कोशिश की। जब वह नीचे नहीं उतरी तो एक व्यक्ति खुद टावर पर चढ़ गया। काफी मशक्कत के बाद उसने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

युवती के नीचे आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां जुटे रहे, जिससे बाजार में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस अभिरक्षा में युवती, वजह की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद आदापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवती के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती ने मोबाइल टावर पर चढ़ने जैसा कदम क्यों उठाया। पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
प्रेम-प्रसंग की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
स्थानीय स्तर पर युवती के कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़े होने की चर्चा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस की जांच और युवती के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पूरे मामले में आदापुर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी से आधिकारिक पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन थाने का सरकारी मोबाइल नंबर बंद मिलने के कारण तत्काल पुलिस की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। फिलहाल स्थानीय लोगों की तत्परता से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस अब उसके टावर पर चढ़ने के कारणों की जांच कर रही है।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


