
भभुआ: कैमूर के भभुआ में नगर परिषद के कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा वार्ड नंबर 9 में हुआ, जहां ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही बच्ची को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में बच्ची को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

ट्यूशन से लौट रही थी बच्ची, तभी हुआ हादसा
बताया गया कि वार्ड नंबर 8 निवासी आलिया ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान वार्ड नंबर 9 में तेज रफ्तार से आ रहा नगर परिषद का कूड़ा उठाने वाला ट्रैक्टर बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया।
हादसे के बाद लोगों का हंगामा, ट्रैक्टर जब्त
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलने पर भभुआ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, साइबर डीएसपी और बीडीओ समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगरवासियों के हंगामे के बाद दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।
पार्षद ने लगाया नशे में ड्राइविंग का आरोप
वार्ड नंबर 9 के पार्षद महताब अंसारी ने आरोप लगाया कि नगर परिषद का कूड़ा उठाने वाला ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। उनके मुताबिक, ट्यूशन से लौट रही बच्ची ट्रैक्टर की चपेट में आ गई और हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पार्षद ने प्रशासन से बच्ची के इलाज का पूरा खर्च उठाने और आरोपी चालक को गिरफ्तार करने की मांग की है। हालांकि चालक के शराब के नशे में होने की बात की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
नगर परिषद बोला- परिवार की हरसंभव मदद करेंगे
भभुआ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी ट्रैक्टर चालक अमर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्ची के इलाज और उसके परिवार को हरसंभव मदद देने के लिए नगर परिषद तैयार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
(अजीत कुमार की रिपोर्ट)


