
पटना: 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म ‘द वन’ के प्रमोशन के लिए शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा, अभिनेत्री तमन्ना भाटिया और निर्देशक दीपक मिश्रा पटना पहुंचे। फिल्म की टीम ने दीघा स्थित जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और गंगा आरती में हिस्सा लिया।

गंगा तट पर पुरोहितों से रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद फिल्म कलाकारों ने मां गंगा का आशीर्वाद लिया और वहां मौजूद प्रशंसकों से भी मुलाकात की। सितारों को अपने बीच देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

फिल्म में छठ की परंपराओं का रखा पूरा ध्यान
गंगा तट पर प्रशंसकों से बातचीत के दौरान तमन्ना भाटिया ने बिहार की संस्कृति और परंपराओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा से जुड़े नियमों, मर्यादाओं और परंपराओं का पूरी श्रद्धा के साथ ध्यान रखा गया है।
तमन्ना ने कहा कि फिल्म पर काम करने के दौरान बिहार से उनका एक खास जुड़ाव बना है। उन्होंने भविष्य में छठ महापर्व के दौरान बिहार आने और इसकी भव्यता को करीब से देखने की इच्छा भी जताई।
सिद्धार्थ बोले- बिहार और पूर्वांचल से जुड़ी है कहानी
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कहा कि ‘द वन’ की कहानी काल्पनिक है, लेकिन इसके कथानक की जड़ें पूर्वांचल और बिहार की संस्कृति और विरासत से जुड़ी हैं।उन्होंने पटना में मिले लोगों के प्यार और स्वागत के लिए आभार जताया। निर्देशक दीपक मिश्रा ने भी फिल्म में स्थानीय परिवेश और सांस्कृतिक पहलुओं को पर्दे पर उतारने के अनुभव साझा किए।
सितारों को देखने उमड़ी भीड़
गंगा आरती के दौरान सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया को देखने के लिए जेपी गंगा पथ पर बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंच गए। लोगों ने मोबाइल फोन से कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो बनाए। मौके पर कई लोग ‘हर-हर गंगे’ के जयकारे लगाते भी नजर आए।कलाकारों ने भी हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर प्रशंसकों का अभिवादन किया। फिल्म की टीम के पटना दौरे के दौरान प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
‘द वन’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की टीम अब अलग-अलग शहरों में प्रमोशनल गतिविधियों के जरिए दर्शकों तक पहुंच रही है।


