
मुजफ्फरपुर: अहियापुर थाना क्षेत्र में टेंट हाउस कर्मी उपेंद्र पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी बनाई गई महिला कामनी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला को करजा थाना क्षेत्र के मड़वन के पास से पकड़ा। मौत के बाद महिला अपने दो बच्चों को लेकर वहां से चली गई थी।

मृतक के परिजनों ने उपेंद्र की मौत के लिए कामनी देवी को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उपेंद्र की मौत को हत्या या आत्महत्या नहीं माना है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

तीन महीने से महिला के साथ रह रहा था उपेंद्र
पुलिस के अनुसार, उपेंद्र पासवान पिछले करीब तीन महीने से कामनी देवी और उसके दो बच्चों के साथ अहियापुर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। इसी दौरान कमरे में उसकी संदिग्ध हालत में लाश मिली थी। घटना के बाद महिला बच्चों को लेकर वहां से निकल गई थी।
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा मानवीय सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर महिला की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम को उसके मड़वन के पास होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे एक रिश्तेदार के यहां जाने के दौरान पकड़ लिया गया।
महिला के बयान से बढ़ी जांच की उलझन
पुलिस पूछताछ में महिला ने उपेंद्र की मौत को लेकर अलग-अलग परिस्थितियों की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, महिला ने सिर में गंभीर चोट लगने से मौत होने की बात कही है। वहीं, पुलिस अधिकारियों के मुताबिक महिला ने फंदे से लटकने और गिरकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत की बात भी बताई है।
इन बयानों की सच्चाई की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना की रात कमरे में वास्तव में क्या हुआ था और उपेंद्र की मौत किस वजह से हुई।
पुलिस ने मौके पर FSL टीम को बुलाकर जांच कराई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण और सीन रीक्रिएट कर पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने की तैयारी में है।
पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
नगर क्षेत्र-2 के एसडीपीओ कार्तिकेयन ने बताया कि मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। FSL टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि अहियापुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी गली नंबर-6 के पास किराए के मकान में हुई उपेंद्र पासवान की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी बनाई गई महिला को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला से पूछताछ की जा रही है और कई बिंदुओं पर जांच चल रही है।
पुलिस के मुताबिक, कामनी देवी पहले से शादीशुदा है और उसका पति पुणे में रहता है। दोनों के अलग रहने की बात सामने आई है। पुलिस महिला के उपेंद्र के साथ संबंध और उसकी मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उपेंद्र की मौत हत्या, आत्महत्या या किसी हादसे के कारण हुई। पुलिस को पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट का इंतजार है।
(गोविंद कुमार की रिपोर्ट)


