
Giridih: दिवंगत विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से खाली हुई गिरिडीह विधानसभा सीट पर होने वाले संभावित उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है। इसी सिलसिले में रविवार को गिरिडीह महानगर भाजपा की ओर से गिरिडीह और पचम्बा मंडल के युवा भाजपाइयों के लिए एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक निर्भय शाहबादी के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।

युवाओं को भगवा अंगवस्त्र और मिठाई खिलाकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक निर्भय शाहबादी ने युवा कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र ओढ़ाकर और मुंह मीठा कराकर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि सम्मान किसी पद पर बैठे व्यक्ति का नहीं, बल्कि जमीन पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं का होता है। उन्होंने पार्टी की मजबूती का श्रेय युवाओं को देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा दल है जो अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं को हमेशा मान-सम्मान देता है और पूरी पार्टी इन्हीं युवाओं के कंधों पर टिकी हुई है।

चुनावी माहौल के बीच बैठकों का दौर हुआ शुरू
‘सेवा ही अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जयशंकर सिन्हा शिंकु, कुंदन सिंह, संजीत सिंह पप्पू, अनिल मिश्रा, सुधीर यादव, टिंकू सिन्हा, गुड़िया देवी और पिंकी सिंह समेत तमाम पदाधिकारी शामिल हुए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उपचुनाव की घोषणा से पहले भाजपा ने युवाओं को मैदान में उतारकर अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में मुकाबले के और दिलचस्प होने के आसार हैं।


