
Jamshedpur News: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया है।

मामला तब सामने आया जब पहलवानडेरा, जुगसलाई निवासी मो. निजाम ने 19 सितंबर को पुलिस को सूचना दी।

निजाम ने जताया था जान का खतरा
पुलिस को दी गई शिकायत में मो. निजाम ने आरोप लगाया था कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के सदस्यों के जरिए उसकी हत्या कराने की कोशिश कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हथियार बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें लेकर आजाद खटाल मैदान पहुंची, जहां उनकी निशानदेही पर झाड़ियों से दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक देसी कट्टा बरामद किए गए।
पुलिस अब बरामद हथियारों को लेकर भी जांच कर रही है कि इनका इस्तेमाल किसी वारदात में किया गया था या इन्हें कथित साजिश के लिए रखा गया था।


