
Giridih News: गिरिडीह जिले के सरिया थाना इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां सरिया डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप एक बोलेरो और सवारियों से भरे ऑटो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो पर सवार दर्जन भर लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिनमें चार मासूम बच्चे और सात महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सरिया के सत्यप्रभा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में कई लोग गंभीर, झामुमो नेता ने अस्पताल पहुंचकर ली सुध
घायलों में मास्टर मोइन रजा, जुलेखा खातून, खलील अंसारी, पार्वती देवी, रीना देवी, आनंद कुमार, गुड़िया कुमारी और डॉली कुमारी समेत अन्य लोग शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जेएमएम नेता शत्रुध्न मंडल तुरंत सत्यप्रभा हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना तथा डॉक्टरों से बेहतर इलाज की मांग की।

विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सवारियों से भरा हुआ ऑटो सरिया डीएवी पब्लिक स्कूल के पास से गुजर रहा था, तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही एक बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पर सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है और मामले की आगे की छानबीन की जा रही है।


