
Ranchi: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आगामी 8 अक्टूबर को झारखंड की राजधानी रांची के दौरे पर आएंगे। अपने इस एक दिवसीय प्रवास के दौरान वे कृषि अनुसंधान से जुड़े कार्यक्रमों के साथ-साथ राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे।

नए प्रशासनिक भवन का करेंगे उद्घाटन
रांची पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री सबसे पहले भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के तहत संचालित भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान यानी IIHB का दौरा करेंगे। यहां वे संस्थान के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। बताया जा रहा है कि यह नया भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिससे कृषि जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे अनुसंधान कार्यों और प्रशासनिक कामकाज दोनों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

वैज्ञानिकों के साथ होगी अहम बैठक
उद्घाटन समारोह के बाद शिवराज सिंह चौहान संस्थान के वैज्ञानिकों और अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक भी करेंगे। इस बैठक में खेती में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़ी विभिन्न अनुसंधान योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं संग भी बैठेंगे साथ
अपने इस दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान राजनीतिक स्तर पर भी काफी सक्रिय नजर आएंगे। वे राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ एक खास बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में राज्य में चल रही विकास योजनाओं, पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और आगामी रणनीतियों को लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। कुल मिलाकर उनका यह एक दिवसीय दौरा कृषि क्षेत्र से जुड़े कामकाज और पार्टी की सियासी गतिविधियों, दोनों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।


