
Giridih: जमुआ के चित्रदीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह कोयला लदे ट्रक और माइका लोड मिनी ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

एक जमुआ की ओर, दूसरा पचंबा जा रहा था
मिली जानकारी के मुताबिक, माइका लदा मिनी ट्रक जमुआ से पचंबा की ओर जा रहा था। वहीं दूसरी तरफ कोयला लदा ट्रक पचंबा से जमुआ की ओर आ रहा था। इसी दौरान चित्रदीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा और मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस पहुंची तो शुरू हुई जांच
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पचंबा और जमुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों वाहनों की स्थिति का जायजा लेने के साथ हादसे के कारणों की भी जांच की।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पचंबा थाना क्षेत्र में आने के कारण दोनों वाहनों को पचंबा थाना पुलिस ने जब्त कर थाना परिसर में ले गई।


