
Palamu: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बाइक लूट का मामला सामने आया है। एनएच-39 पर पोलपोल और पोखराहा के बीच अज्ञात लोगों ने पिस्टल का डर दिखाकर एक व्यक्ति से उनकी पल्सर बाइक छीन ली और मौके से भाग निकले।

रिश्तेदार के घर से लौटते वक्त हुई घटना
पीड़ित की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा कला निवासी विष्णु प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विष्णु प्रजापति लातेहार जिले के मनिका स्थित अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह लगभग 5 बजे पोलपोल और पोखराहा के बीच रास्ते में उन्हें रोक लिया गया।

हथियार का डर दिखाकर छीनी बाइक
बताया जा रहा है कि रास्ते में रोककर अपराधियों ने उन्हें पिस्टल दिखाई और डरा-धमकाकर उनकी पल्सर बाइक (नंबर JH-03AQ-3836) लेकर चले गए। इस घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी।
मामले की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद पीड़ित ने सतबरवा थाने में शिकायत दी है। सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक लूट की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


