
Ranchi: राजधानी रांची के कडरू इलाके में धर्म के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले एक फर्जी बाबा का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह संदिग्ध व्यक्ति मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है, जो साधु का भेष बनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहा है।

बातों में फंसाकर गायब कर देता था जेवर और पैसे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पीले रंग के कपड़े पहने और हाथ में लाठी लिए यह व्यक्ति अपनी बातों के जाल में लोगों को फंसा लेता था। इसके बाद देखते ही देखते लोगों के कीमती जेवर और पैसे गायब कर देता था। इसकी हरकतों को देखकर स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स में इसकी तस्वीर शेयर कर एक-दूसरे को सावधान रहने को कहा।

ट्रेन पकड़कर शहर से भागा ठग बाबा
इस मामले पर अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश गोराई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत छानबीन शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी फोटो वायरल होने के बाद ट्रेन पकड़कर कहीं भाग गया है। फिलहाल इलाके में उसे नहीं देखा गया है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी अनजान साधु, संत या तांत्रिक के बहकावे में बिल्कुल न आएं। अगर ऐसा कोई भी संदिग्ध व्यक्ति आसपास नजर आए या जबरन बात करने की कोशिश करे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को खबर करें।


