
Dhanbad: धनबाद शहर के भूली मोड़ इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी का मामला सामने आया है। बाइक पर आए दो अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान और उनके साथ खड़े सद्दाम नाम के युवक पर गोलियां चला दीं। इस घटना में सानू खान, सद्दाम और पास से गुजर रही एक महिला घायल हो गई हैं।

दुकान खोलने के दौरान हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, सद्दाम अंसारी अपनी जनरल स्टोर की दुकान खोलने पहुंचे थे, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में सानू खान, सद्दाम और उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से अपने नाना के घर आई कुमकुम नाम की युवती को गोली लग गई। कुमकुम अपनी मौसी के साथ बाजार जा रही थी और रास्ते में गोलीबारी की चपेट में आ गई।

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सानू खान और कुमकुम का इलाज अशर्फी अस्पताल में चल रहा है, जबकि सद्दाम का इलाज सदर SNMMCH में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटनास्थल से मिले 7 खोखे, जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। सिटी SP ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से 7 खोखे बरामद किए हैं। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की वजह और आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।


