
Giridih News: गिरिडीह के जमुआ थाना इलाके में लीज खत्म होने के बाद भी पत्थरों का खनन किए जाने की सूचना पर सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। गोविंदपुरा स्थित पत्थर खदान में SDM के नेतृत्व में छापेमारी की गई। टीम को मौके पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक और खनन में इस्तेमाल होने वाले वाहन मिले।

टीम पहुंची तो संचालक निकल गया
कार्रवाई की भनक लगते ही खदान संचालक अनिल साहू मौके से निकलने में सफल रहा। हालांकि खदान में उसके कुछ कर्मचारी मौजूद थे। मौके पर भारी वाहन भी खड़े मिले। इसके बाद अधिकारियों ने खदान में मौजूद सामान और मशीनों की जांच शुरू की।

विस्फोटक के साथ 7 ट्रैक्टर जब्त
SDM रानियाल खलको के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक जब्त किया गया। इसके अलावा अवैध तरीके से निकाले गए पत्थरों की ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले सात ट्रैक्टर भी जब्त किए गए। खनन में इस्तेमाल की जा रही एक पोकलेन मशीन को भी टीम ने कब्जे में लिया।
विस्फोटक कहां से आया, जांच शुरू
कार्रवाई के बाद SDM ने माइनिंग निरीक्षक विश्वनाथ सोरेन को मामले की जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि बिना वैध लीज के खदान कितने समय से चल रही थी और वहां इस्तेमाल किए जा रहे विस्फोटक की सप्लाई कहां से हो रही थी।
प्रशासन अब खदान के संचालन, जब्त सामान और विस्फोटक की सप्लाई से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।


