
Ranchi: राजधानी रांची में भीड़भाड़ वाली जगहों पर खरीदारी करने वालों को सावधान रहने की जरूरत है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के रोशपा टावर में एक महिला के कीमती जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरी की पूरी वारदात दिखाई दे रही है।

गहने जुड़वाने पहुंची थी महिला
बताया जा रहा है कि महिला अपने गहने जुड़वाने के लिए रोशपा टावर पहुंची थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उसके कीमती जेवर चोरी कर लिए गए। कुछ देर बाद महिला को अपने गहने गायब होने का पता चला, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई।

पहले रेकी, फिर चोरी का आरोप
CCTV फुटेज में एक महिला आसपास घूमते हुए नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि पहले उसने मौके की रेकी की और मौका मिलते ही कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि चोरी के लिए बच्चों की भी मदद ली गई।
CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि फुटेज में नजर आ रहे लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
भीड़भाड़ वाली जगहों पर रहें सतर्क
रोशपा टावर की इस घटना के बाद लोगों के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। शॉपिंग के दौरान अपने बैग, पर्स, मोबाइल और जेवरात पर खास नजर रखें। भीड़ में किसी अनजान व्यक्ति के बहुत करीब आने या संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत सतर्क हो जाएं।
फिलहाल CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही चोरी में शामिल लोगों और घटना के पूरे तरीके की तस्वीर साफ होगी।


