
Ranchi: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और बैंक प्रबंधन के बीच मंगलवार को हुई बातचीत बेनतीजा रही। मांगों पर सहमति न बनने के बाद यूनियनों ने साफ कर दिया है कि 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित 3 दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल अपने तय कार्यक्रम के अनुसार होगी। वहीं, 26 और 27 सितंबर को वीकेंड की छुट्टी होने के कारण इस महीने के अंत में लगातार 5 दिनों तक बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप्प रहेगा।

लंबी बातचीत के बाद भी नहीं बनी सहमति
यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय मुख्य श्रमायुक्त की मध्यस्थता में यूनियन्स प्रतिनिधियों, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA), बैंक प्रबंधन और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के बीच लंबी बैठक हुई। हालांकि, कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर प्रबंधन की ओर से कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, जिसके बाद यूनियनों ने हड़ताल पर जाने का अंतिम निर्णय लिया।

ग्रामीण और निजी बैंक कर्मी भी होंगे शामिल
ऑल इंडिया बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने जानकारी दी कि इस 3 दिवसीय देशव्यापी हड़ताल में सार्वजनिक क्षेत्र (सरकारी) के बैंकों के अलावा ग्रामीण बैंक, सहकारिता बैंक और कई प्राइवेट बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी भी हिस्सा लेंगे।
आम जनता पर पड़ेगा सीधा असर
26 सितंबर (शनिवार) और 27 सितंबर (रविवार) को अवकाश के बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल रहने के कारण आम लोगों को चेक क्लीयरेंस, कैश निकालने और बैंकिंग से जुड़े अन्य कामों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यूनियनों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने जरूरी काम निपटा लें।


