
Ranchi: खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में आगामी 25 सितंबर से टोल टैक्स की वसूली रांची नगर निगम खुद करेगा। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खादगढ़ा बस स्टैंड की बंदोबस्ती (टेंडर) की प्रक्रिया फिलहाल चल रही है। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती और नया टेंडर फाइनल नहीं हो जाता, तब तक बस टर्मिनल में टोल शुल्क की वसूली नगर निगम अपने स्तर पर ही करेगा।

24 सितंबर तक पूरी होगी हैंडओवर की कागजी कार्रवाई
नगर निगम के अनुसार, इस नए सिस्टम को लागू करने के लिए पूर्व संवेदक (ठेकेदार) से बस टर्मिनल से जुड़े सभी जरूरी कागजात, रिकॉर्ड और अन्य विवरण मांगे गए हैं। 24 सितंबर तक हैंडओवर की यह पूरी कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके ठीक अगले दिन यानी 25 सितंबर से नगर निगम की टीम मौके पर तैनात होकर सीधे टोल शुल्क वसूलना शुरू कर देगी।

अधिकृत कर्मियों को ही टोल देने की अपील
नगर निगम ने बिरसा मुंडा बस टर्मिनल से संचालित होने वाली सभी बसों के संचालकों, वाहन मालिकों और बस कर्मचारियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। निगम ने कहा है कि 25 सितंबर के बाद से सभी बस चालक और ऑपरेटर टोल शुल्क का भुगतान केवल नगर निगम के अधिकृत कर्मचारियों को ही करें। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को शुल्क न देने की सलाह दी गई है।


