
Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ RPF ने कार्रवाई करते हुए 12.700 किलो गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई RPF के Operation NARCOS के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6.35 लाख रुपये है।

दो बैग से मिले 9 पैकेट
RPF फ्लाइंग टीम रांची और RPF पोस्ट रांची की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म नंबर 01(A) पर जांच कर रही थी। इसी दौरान एक यात्री के काले रंग के बैकपैक और मिट्टी रंग के ट्रॉली बैग की जांच की गई।

पुलिस के मुताबिक, दोनों बैग से कुल 9 पैकेट संदिग्ध पदार्थ मिला। DD Kit से जांच करने पर पदार्थ गांजा पाया गया। इसके बाद कुल 12.700 किलो गांजे को तौलकर पैक और सील किया गया।
झारसुगुड़ा से रांची का टिकट मिला
जांच के दौरान आरोपी के पास से झारसुगुड़ा से रांची का एक अनारक्षित रेलवे टिकट भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि ओडिशा के बौध में राजा नाम के व्यक्ति ने उसे यह मादक पदार्थ दिया था।
आरोपी के अनुसार, वह बस से बौध से झारसुगुड़ा पहुंचा और वहां से ट्रेन संख्या 13426 एक्सप्रेस से रांची आया था।
GRP को सौंपा गया आरोपी
RPF ने बरामद गांजा, रेलवे टिकट और जब्ती से जुड़े दस्तावेजों के साथ आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP रांची को सौंप दिया है। मामले में NDPS Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।


