
Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार दोपहर अपनी बीमार मां रूपी सोरेन का हालचाल लेने राजधानी के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती अपनी मां के पास काफी समय बिताया और उनकी सेहत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और रूपी सोरेन का इलाज कर रही मेडिकल टीम से बातचीत कर स्वास्थ्य में हो रहे सुधार की पूरी जानकारी ली।

डॉक्टरों से ली इलाज और सेहत की जानकारी
मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल के संचालक डॉ. सुषमा प्रिया और डॉ. नितेश प्रिया भी मौके पर उपस्थित रहे। CM ने वरिष्ठ डॉक्टरों से मां के इलाज, जरूरी दवाइयों और चल रही मेडिकल जांचों को लेकर विस्तृत चर्चा की। गौरतलब है कि शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद रूपी सोरेन को इलाज के लिए हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शनिवार को भी दिनभर मां के साथ रहे थे CM
इससे पहले शनिवार को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां की तीमारदारी के लिए सुबह ही अस्पताल पहुंच गए थे और देर शाम तक वहीं रुके रहे थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, CM अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच लगातार मां के स्वास्थ्य पर सीधी नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर अस्पताल जाकर डॉक्टरों से सीधे संवाद कर रहे हैं।


