
Ranchi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और आने वाले चुनावों की तैयारियों को रफ्तार देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से देश के कई राज्यों में नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई लिस्ट जारी की गई है। इस बड़े फेरबदल के सामने आते ही सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।

झारखंड की कमान गजेंद्र पटेल के हाथों में
पार्टी ने झारखंड में संगठन की कमान नए हाथों में सौंपते हुए गजेंद्र पटेल को राज्य का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, राज्य के जमीनी समीकरणों और राजनीतिक नब्ज को बेहतर तरीके से साधने के लिए सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी की अहम जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी को उम्मीद है कि नए प्रभारियों की यह टीम राज्य में कार्यकर्ताओं के अंदर नया जोश भरने का काम करेगी।

अन्य पड़ोसी राज्यों में भी बड़े चेहरों की एंट्री
झारखंड के अलावा पार्टी ने कई अन्य राज्यों में भी अनुभवी और बड़े नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। बिहार में हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है, जबकि संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी की कमान मिली है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में संगठन की देखरेख के लिए सुनील बंसल को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि उत्तर प्रदेश का प्रभारी विनोद तावड़े को बनाया गया है।
बूथ स्तर तक संगठन को कसने की तैयारी
पार्टी हाईकमान का मानना है कि प्रभारियों के इस नए दल से राज्यों के भीतर चल रही गुटबाजी पर लगाम लगेगी और रणनीति ज्यादा मजबूत होगी। नए प्रभारी जल्द ही झारखंड का दौरा कर प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे, ताकि आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से मुकाबला किया जा सके।


