
समस्तीपुर: अभी जमुई कांड के सदमे से बिहार को लोग निकले भी नहीं थे की समस्तीपुर से एक और छेड़खानी का मामला सामने आ रहा है। वायरल वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि बीच सड़क पर एक लड़की के साथ कुछ लड़के छेड़-छाड़ करते नज़र आ रहे है और बार बार लड़की से उसका नाम और पता पूछ रहे है।

वायरल वीडियो में कुछ युवक लड़की को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के पास बांध बाईपास रोड का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की शाम सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान वीडियो की जानकारी सामने आई थी। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसका तकनीकी सत्यापन कराया। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे घटनास्थल की पहचान जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के पास सड़क के रूप में की गई। पुलिस का कहना है कि घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है।
वीडियो में लड़की को घेरकर बदसलूकी का आरोप
वायरल वीडियो में 3-4 युवक एक लड़की को घेरते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, युवकों पर लड़की के साथ गाली-गलौज करने और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। वीडियो में युवक लड़की से उसका नाम और पता पूछते हुए भी नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही लड़की प्रथमदृष्टया नाबालिग प्रतीत हो रही है। हालांकि, शुरुआती स्तर पर उसकी पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की पहचान और उससे जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
POCSO और IT एक्ट के तहत केस दर्ज
समस्तीपुर पुलिस ने मामले में पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू की। कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान के लिए तकनीकी जांच तेज कर दी। पुलिस का दावा है कि सूचना मिलने के करीब छह घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
चारों आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विकास कुमार, राहुल कुमार और रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर गांव के रहने वाले हैं, जबकि अवधेश पासवान बिजौलिया गांव का निवासी है।
चारों आरोपी कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


