
पटना: बिहार के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में 26 सितंबर को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (Parent-Teacher Meeting) का आयोजन किया जाएगा। इसमें कक्षा 1 से 8वीं तक पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक शामिल होंगे। इस बार संगोष्ठी की थीम ‘निपुण पथ : पढ़ना, लिखना और गणना’ रखी गई है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल के बाद आयोजित होने वाली इस संगोष्ठी में बच्चों की पढ़ाई में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने और उनकी शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा को प्राथमिकता दी जाएगी।

Parent-Teacher Meeting में बच्चों की पढ़ाई और प्रगति पर होगी चर्चा
संगोष्ठी के दौरान कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, पढ़ने-लिखने की क्षमता और गणना कौशल पर विशेष चर्चा होगी। शिक्षकों की ओर से अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में प्रगति, उनकी जरूरतों और आगे की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि स्कूल और परिवार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार किया जा सके।
‘पैरेंट्स ऑफ द मंथ’ और ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ होंगे सम्मानित
संगोष्ठी में बच्चों और उनके अभिभावकों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने की भी व्यवस्था की गई है। विद्यालय की गतिविधियों और बच्चों की शिक्षा में विशेष सहयोग देने वाले अभिभावकों को ‘पैरेंट्स ऑफ द मंथ’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
इसी तरह पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। इससे बच्चों और अभिभावकों दोनों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश की जाएगी।
22 सितंबर को होना था आयोजन
प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने बताया कि संगोष्ठी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को आयोजन को लेकर करीब 10 दिन पहले ही पत्र भेजा जा चुका है।
पहले अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन 22 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर अब 26 सितंबर की तारीख तय की गई है। राज्य के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में एक साथ आयोजित होने वाली इस संगोष्ठी में बच्चों की बुनियादी शिक्षा और सीखने के कौशल पर फोकस रहेगा।


