
Stock Market: घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को पूरे दिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के रुख के अनुसार कारोबार करता रहा। क्रूड ऑयल की कीमतों में आए उछाल के कारण बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। दिन के कारोबार के दौरान सुबह करीब 10 बजे कच्चा तेल 108.77 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंचा, जिससे बाजार में बिकवाली बढ़ी। हालांकि, इसके बाद कच्चे तेल के दामों में आई नरमी से बाजार में रिकवरी देखने को मिली।

इंट्रा-डे में Sensex निचले स्तर से 756.99 अंक सुधरने में सफल रहा, जबकि Nifty ने भी 216.70 अंकों की बढ़त दर्ज की। दोपहर बाद क्रूड ऑयल में दोबारा आई हल्की तेजी और अंतिम 10 मिनट में हुई बिकवाली के चलते दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। कारोबार के अंत में Sensex 0.16% और Nifty 0.34% की कमजोरी के साथ बंद हुए।

Sensex 120 अंक गिरकर 74,781 के स्तर पर हुआ क्लोज
BSE का Sensex सुबह 593.43 अंक (0.79%) टूटकर 74,309.16 पर खुला। बिकवाली के दबाव में यह 742.43 अंक फिसलकर दिन के निचले स्तर 74,160.16 तक चला गया। इसके बाद खरीदारी के सपोर्ट से बाजार संभला और कारोबार खत्म होने से थोड़ी देर पहले यह 756.99 अंकों की रिकवरी के साथ 74,917.15 तक पहुंच गया। आखिरी मिनटों में मुनाफावसूली होने से Sensex ऊपरी स्तर से 135.39 अंक गिरकर 120.83 अंक (0.16%) की गिरावट के साथ 74,781.76 पर बंद हुआ।
Nifty 23,400 के नीचे फिसला
NSE का Nifty 207.50 अंक (0.88%) की गिरावट के साथ 23,270.30 के स्तर पर खुला। शुरुआती दबाव में यह 246.40 अंक टूटकर 23,231.40 के निचले स्तर तक गया। कच्चे तेल में नरमी के संकेत मिलते ही खरीदारी लौटी और सूचकांक निचले स्तर से 216.70 अंक सुधरकर 23,448.10 तक पहुंचा। अंत में Nifty 79.70 अंक (0.34%) गिरकर 23,398.10 पर बंद हुआ।
मेटल और रियल्टी शेयर्स में तेज बिकवाली, बैंकिंग और IT संभले
सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो मेटल और रियल्टी सेक्टर में भारी गिरावट दर्ज की गई। BSE का मेटल इंडेक्स 2.40% और रियल्टी इंडेक्स 2% से अधिक टूट गया। इसके अलावा ऑटो, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, बैंकिंग और IT सेक्टर में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। Nifty का बैंकिंग इंडेक्स 0.24% और IT इंडेक्स 0.11% की बढ़त के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में Nifty Midcap इंडेक्स 0.26% और Smallcap इंडेक्स 0.58% गिरकर बंद हुआ।
निवेशकों की संपत्ति में 3.51 लाख करोड़ रुपये की कमी
बाजार में चौतरफा दबाव के कारण निवेशकों की पूंजी में बड़ी कमी आई। BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले कारोबारी दिन के 485.07 लाख करोड़ रुपये से घटकर 481.56 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) रह गया। इस प्रकार निवेशकों को आज के सत्र में करीब 3.51 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स
NSE में आज कुल 3,226 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 1,220 शेयर हरे निशान में और 2,006 शेयर लाल निशान में बंद हुए। Nifty के 50 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ, 37 शेयर नुकसान में और 1 शेयर बिना बदलाव के बंद हुआ।
टॉप गेनर्स
HDFC Bank (2.08%), Dr. Reddy’s Laboratories (1.97%), Tech Mahindra (1%), HDFC Life (0.73%) और Wipro (0.66%)।
टॉप लूजर्स
Hindalco Industries (3.21%), JSW Steel (2.99%), Eicher Motors (2.17%), Tata Steel (2.02%) और ONGC (2.01%)।


