
West Singhbhum News: पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र स्थित बाघचट्टा गांव से एक बेहद दर्दनाक और कलेजा चीर देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार को घर के पास खेल रहे दो मासूम सगे भाई-बहन बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए। पानी में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसार गया है और मातम का माहौल है।

स्कूल से लौटने के बाद खेलने गए थे मासूम
मृतक बच्चों की पहचान अगस्तीन टुडू के 6 वर्षीय बेटे गॉडसन टुडू और 4 वर्षीय बेटी एंजेल टुडू के रूप में हुई है। पिता अगस्तीन राजमिस्त्री का काम करते हैं और बच्चों की मां पहले ही घर छोड़कर जा चुकी थी, जिसके बाद से दोनों मासूम अपने पिता के साथ ही रहते थे। बुधवार को दोनों बच्चे डीएवी स्कूल से पढ़ाई करके घर लौटे थे। दोपहर में खाना खाने के बाद दोनों घर के पास स्थित इमली के पेड़ की तरफ खेलने चले गए थे।

पैर फिसलने से हुआ खौफनाक हादसा
खेलते-खेलते घर से करीब 100 मीटर दूर बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे के पास दोनों का पैर अचानक फिसल गया और वे सीधे पानी में जा गिरे। आसपास किसी के न होने के कारण मासूमों को समय पर मदद नहीं मिल सकी और वे पानी में समा गए।
शाम को तलाश शुरू हुई तो गड्ढे में मिले शव
शाम करीब 7 बजे तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो पिता ने घबराकर उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों की मदद से जब पानी से भरे गड्ढे में देखा गया, तो दोनों मासूमों के शव तैरते हुए मिले। देर रात ग्राम मुंडा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पिता ने बताया हादसा, नहीं कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस कुमार को दी गई। थाने पहुंचे पीड़ित पिता अगस्तीन ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि यह एक दर्दनाक हादसा था और उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है। पिता ने भावुक होकर पुलिस से बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया है।


