
Ranchi News: राज्य स्तरीय व्यवसायिक परीक्षा 2026 का आयोजन 25 से 30 सितंबर तक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यानी ITI, रांची में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और बिना किसी गड़बड़ी के कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

परीक्षा केंद्र के 200 मीटर तक पाबंदी
परीक्षा केंद्र पर भीड़ जुटने या किसी तरह की परेशानी की आशंका को देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी, रांची ने BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की है। यह आदेश परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में लागू रहेगा।

इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी। हालांकि सरकारी काम में लगे अधिकारी और कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम तथा शवयात्रा को इससे अलग रखा गया है।
हथियार और लाउडस्पीकर पर भी रोक
आदेश के तहत परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी तरह के ध्वनि विस्तारक यंत्र यानी लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद जैसे हथियार लेकर चलने की भी अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा लाठी, डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला जैसे हथियार लेकर चलने पर भी रोक रहेगी। सरकारी काम में लगे अधिकारी और कर्मचारी इस प्रतिबंध से बाहर रहेंगे।
सभा और बैठक पर भी पाबंदी
परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी तरह की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर भी रोक रहेगी। प्रशासन ने यह कदम परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी तरह की बाधा को रोकने के लिए उठाया है।
30 सितंबर तक प्रभावी रहेगा आदेश
जारी आदेश के मुताबिक निषेधाज्ञा 25 सितंबर से 30 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगी। परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण तरीके से हो सके।


