
BIT Mesra: राजधानी रांची के बीआईटी (BIT) मेसरा ओपी क्षेत्र से नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। करमा पूजा घुमाने के बहाने बुलाकर एक युवक ने नाबालिग छात्रा को रात भर अपने कमरे में बंधक बनाए रखा और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, करमा पूजा पर बुलाया
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी की पहचान करीब एक महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और जान-पहचान बढ़ गई। करमा पूजा के मौके पर आरोपी ने छात्रा को पूजा घुमाने और मेला दिखाने के बहाने मिलने के लिए बुलाया। छात्रा उसके झांसे में आ गई और उससे मिलने पहुंच गई।

घर ले जाकर कमरे में रोका, फिर की दरिंदगी
आरोप है कि घुमाने के बहाने युवक छात्रा को अपने घर ले गया। रात होने पर उसने छात्रा को वापस घर भेजने के बजाय जबरन एक कमरे में रोक लिया। छात्रा द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद आरोपी ने उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बदहवास और डरी-सहमी छात्रा बुधवार को किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों के सामने पूरी दास्तां बयां की।
BIT मेसरा ओपी में FIR दर्ज, आरोपी सलाखों के पीछे
बेटी के साथ हुई इस हैवानियत की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत BIT मेसरा ओपी पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुसंगत और कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए आरोपी युवक को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोहरदगा निवासी बबलू के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी व चिकित्सीय कार्रवाई जारी है।


