
Jharkhand Weather: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी झमाझम बारिश के सिलसिले से जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में सक्रिय डीप डिप्रेशन (गहन अवदाब) 27 सितंबर से धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। इसके प्रभाव से राज्य भर में 28 सितंबर से मौसम में सुधार आएगा और लोगों को बारिश से राहत मिलेगी।

चार जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 25 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और इससे सटे उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। विशेष रूप से हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर जिले में तेज बारिश के आसार हैं। इस दौरान इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इसके साथ ही 26 और 27 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की चेतावनी दी गई है।
रांची में शुक्रवार से भारी बारिश में आएगी कमी
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, शुक्रवार से रांची में भारी बारिश की तीव्रता में कमी देखने को मिलेगी।
बाघमारा में सर्वाधिक 128.6 मिमी बारिश, पारा गिरा
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में सबसे अधिक 128.6 मिलीमीटर बारिश धनबाद जिले के बाघमारा में दर्ज की गई। वहीं, राजधानी रांची में इस दौरान 52 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के तापमान में भी गिरावट आई है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


