
रोहतास। दावथ प्रखंड के डेढ़गांव स्थित जगदयाल सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय की स्मार्ट क्लास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्मार्ट क्लास की एलईडी स्क्रीन पर कथित तौर पर भोजपुरी का जातिसूचक गाना बजता दिखाई दे रहा है और कई छात्र उस पर डांस करते नजर आ रहे हैं।

स्मार्ट क्लास में गाना बजाकर डांस का दावा
वायरल वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है। वीडियो में करीब 14 छात्र स्मार्ट क्लास के अंदर नजर आ रहे हैं। इनमें से कुछ छात्र एलईडी स्क्रीन पर चल रहे गाने पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में बज रहा गाना भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव का है।

वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। सूत्रों के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे 14 छात्रों की पहचान की गई है। विद्यालय के प्राचार्य लाल बहादुर सिंह यादव से मामले की जांच कर जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है।
डीएम ने दिए जांच के निर्देश
मामला अब रोहतास जिला प्रशासन के संज्ञान में भी पहुंच गया है। रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि दावथ स्थित स्कूल की स्मार्ट क्लास का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में छात्रों द्वारा स्मार्ट क्लास की एलईडी स्क्रीन पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और जातिसूचक गाना चलाकर डांस किए जाने की बात सामने आई है।
डीएम ने बताया कि मामले की जांच के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्मार्ट क्लास के इस्तेमाल पर भी उठे सवाल
शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा बच्चों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने और पढ़ाई को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकसित की गई है। इसके लिए स्कूलों में एलईडी स्क्रीन समेत अन्य डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
ऐसे में स्मार्ट क्लास के शैक्षणिक उपयोग के बजाय वहां इस तरह की गतिविधि का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन और व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मामले में अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
नोट: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित है। नक्षत्र समाचार वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


