
Koderma : कोडरमा जंक्शन का शुक्रवार को रेल IG अमरेश कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान बन रहे RPF बैरक और नवनिर्मित बिल्डिंग को भी देखा गया।

RPF जवानों को सतर्क रहने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान रेल IG ने कोडरमा RPF पोस्ट के इंस्पेक्टर दीपक प्रसाद और जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर RPF को हमेशा सतर्क रहना होगा। स्टेशन और ट्रेनों में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शराब और गांजा तस्करी पर नजर
रेल IG ने स्टेशन और ट्रेनों के जरिए होने वाली शराब, गांजा समेत दूसरी नशीली चीजों की तस्करी रोकने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेशन पर स्कैनर जैसे उपकरण की जरूरत है, जिससे संदिग्ध सामान की पहचान करने में मदद मिल सके।
उन्होंने बताया कि कोडरमा RPF की ओर से तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए मामलों में आरोपियों और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP के हवाले किया जाता है।
RPF, GRP और लोकल पुलिस मिलकर करें काम
अमरेश कुमार ने कहा कि तस्करी रोकने के लिए RPF, GRP और लोकल पुलिस को मिलकर काम करना होगा। तीनों एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
पूरे जंक्शन पर CCTV से नजर
रेल IG ने स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों की भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि नई बिल्डिंग में भी जरूरी सुविधाओं के साथ अतिरिक्त CCTV लगाने की योजना है। इसका मकसद पूरे जंक्शन पर 24 घंटे निगरानी रखना है।


