
Chatra: चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुमटी में चोरी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से दुकान का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि सिमरिया-बगरा रोड पर बन्रे गांव के पास एक गुमटी में कुछ लोग चोरी कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अमित कुमार गुप्ता ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी और सशस्त्र बल के साथ छापेमारी के लिए रवाना हुए।

पिकअप रोकते ही सामने आया मामला
पुलिस टीम बन्रे-हर्षनाथपुर रोड पर जांच कर रही थी। इसी दौरान हर्षनाथपुर की ओर जा रहे एक पिकअप सवारी वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में दुकान का सामान बिखरा हुआ लदा था।
पुलिस के मुताबिक, चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम नरेश कुमार, निवासी कसियाडीह, सिमरिया बताया। सामान के बारे में पहले उसने पुलिस को जानकारी नहीं दी, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने गोआ खुर्द स्थित जैन पेट्रोल पंप के पास एक गुमटी में चोरी करने की बात बताई।
दो अन्य साथियों के नाम भी बताए
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नरेश कुमार ने बताया कि उसके साथ दो अन्य लोग भी थे। इनके नाम अजय यादव और घनश्याम यादव बताए गए हैं। दोनों चतरा सदर थाना क्षेत्र के चंगेर गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बाइक से पीछे आ रहे थे, लेकिन पुलिस वाहन को देखकर भाग गए।
फ्रीज, कोल्ड ड्रिंक और स्नैक्स बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दुकान का ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया सब्बल भी बरामद किया। बरामद सामान में एक VOLTAS कंपनी का फ्रीज, कोल्ड ड्रिंक, कुरकुरे और अन्य स्नैक्स शामिल हैं। इसके अलावा जिस पिकअप वाहन से सामान ले जाया जा रहा था, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस मामले में सिमरिया थाना कांड संख्या 162/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 को BNS की धारा 303(2), 334(1), 317(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में सिमरिया थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अमित कुमार गुप्ता, स0अ0नि0 दिलीप रजक और सिमरिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


