
Hazaribagh: हजारीबाग की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने कानून के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर हासिल किया है। उन्होंने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) की परीक्षा सफलता पूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद अब वह राजनीति के साथ-साथ न्यायपालिका और अदालत के मैदान में भी अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रही हैं। अम्बा प्रसाद ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ यह बड़ी और खुशी की जानकारी साझा की है।

राजनीति के बाद अब अदालत के गलियारों में रखेंगी कदम
अपनी इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए अम्बा प्रसाद ने कहा कि राजनीति के गलियारों में जनता की सेवा करने के बाद अब अदालत के गलियारों में भी उनका कदम बढ़ चुका है। उन्होंने बताया कि एक विधायक के रूप में उन्हें विधानसभा और विधायिका के कामकाज को बेहद करीब से देखने और समझने का मौका मिला। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक तंत्र यानी कार्यपालिका की कार्यशैली को भी जमीनी स्तर पर बहुत करीब से देखा है।

विधायिका और कार्यपालिका की कश्मकश में पिसती है जनता
अम्बा प्रसाद ने कहा कि विधायिका और कार्यपालिका के बीच कई बार तालमेल की कमी और कश्मकश देखने को मिलती है, जिसका सीधा नुकसान आम जनता को भुगतना पड़ता है। ऐसे में कई बार लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। अब कानून की डिग्री और वकालत का अधिकार मिलने के बाद वह जरूरत पड़ने पर आम लोगों के हक और अधिकारों के लिए सीधे कोर्ट में उतरकर कानूनी लड़ाई लड़ेंगी।
अन्याय और शोषण के खिलाफ पहले से बुलंद रही है आवाज
पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अन्याय, अत्याचार और प्रताड़ना के खिलाफ वह हमेशा से मुखर होकर आवाज उठाती रही हैं। अब कानूनी क्षेत्र में आधिकारिक रूप से कदम रखने के बाद, वह आवश्यकतानुसार न्यायालय के माध्यम से जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगी और उन्हें न्याय दिलाने का काम करेंगी। उनके इस फैसले से उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।


