
Jharkhand Job News: सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और गांव-मोहल्लों में बच्चों की देखरेख करने वाली आंगनबाड़ी व्यवस्था से जुड़ने का इंतजार कर रहीं महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। धनबाद जिला प्रशासन ने जिले के तीन बड़े इलाकों में सेविका और सहायिका की नई बहाली का रास्ता साफ कर दिया है। धनबाद सदर, झरिया और बाघमारा बाल विकास परियोजना के तहत आने वाले 20 आंगनबाड़ी केंद्रों में खाली पदों को भरने के लिए तिथियां तय कर दी गई हैं। जिला समाज कल्याण शाखा ने इसके लिए बाकायदा आमसभा का पूरा रोस्टर जारी कर दिया है, जिसके तहत 7 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर तक अलग-अलग केंद्रों पर आम लोगों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

झरिया में 7 अक्टूबर से बजेगी घंटी, इन केंद्रों पर होगा चयन
झरिया परियोजना क्षेत्र में चयन प्रक्रिया की शुरुआत 7 अक्टूबर से होने जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे राजग्राउंड केंद्र में सेविका पद के लिए आमसभा बुलाई गई है। इसी दिन दोपहर 1:30 बजे लोवर चौथाई कुल्ही केंद्र पर सेविका चयन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 9 अक्टूबर को भागा नंबर-5 केंद्र में सहायिका के पद के लिए सुबह 11:30 बजे आमसभा रखी गई है। इस क्षेत्र की योग्य महिला अभ्यर्थी तय समय पर पहुंचकर अपनी दावेदारी पेश कर सकती हैं।

धनबाद सदर के 5 केंद्रों में इन तारीखों पर जुटेंगी महिलाएं
धनबाद सदर परियोजना क्षेत्र में पांच अलग-अलग केंद्रों पर सेविका और सहायिका की बहाली होगी। इसकी शुरुआत 8 अक्टूबर को सुबह 11 बजे चिरौड़ा अरमसान रोड केंद्र से होगी, जहां जागृति मंदिर के बगल में सेविका चयन के लिए सभा बुलाई गई है। इसके बाद 14 अक्टूबर को मनईटांड़ डोमपाड़ा पूर्व केंद्र के लिए सुबह 11 बजे स्थानीय सामुदायिक भवन में सेविका चुनी जाएगी, जबकि इसी दिन दोपहर 1:30 बजे प्राथमिक विद्यालय हीरापुर में बाउरीपाड़ा पुलिस लाइन केंद्र की सहायिका का चयन होगा। वहीं 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे बेकारबांध दुर्गा मंडप में बेकारबांध-02 केंद्र के लिए सेविका और सहायिका दोनों पदों पर फैसला होगा। 23 अक्टूबर को ही दोपहर 1:30 बजे कनकनी हनुमान बाजार के लिए सामुदायिक भवन में चयन प्रक्रिया चलेगी।
बाघमारा के 9 केंद्रों पर केवल सहायिका की होगी बहाली
बाघमारा बाल विकास परियोजना के तहत इस बार कुल नौ केंद्रों पर सहायिका पदों के लिए तिथियां तय की गई हैं। इन केंद्रों में खरखरी, मधुबन, अगारपथरा, लकड़का, कांड्रा, छत्रुटांड़, चंदोरबांध, मोदिडीह और बेहराकुदर शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर भी तय रोस्टर के अनुसार अलग-अलग दिन आमसभाएं आयोजित होंगी, जिनमें स्थानीय ग्रामीणों और चयन समिति की मौजूदगी में योग्य उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगेगी।
दस्तावेज और समय का रखें ध्यान, गैरहाजिरी पर नहीं मिलेगा मौका
जिला समाज कल्याण शाखा ने स्पष्ट किया है कि हर केंद्र के लिए तय की गई तारीख, समय और जगह का कड़ाई से पालन किया जाएगा। जो भी अभ्यर्थी सेविका या सहायिका बनने की योग्यता रखती हैं, उन्हें तय समय से पहले संबंधित स्थान पर अपने तमाम जरूरी शैक्षणिक और आवासीय दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा। आमसभा में देरी से पहुंचने या गैरहाजिर रहने पर किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।


