
Jamshedpur News: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 किलो 274 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत करीब 8 लाख रुपये है। मामले में एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 25 सितंबर की देर रात SSP को RPF टाटानगर के सहयोग से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई के घोड़ा चौक की तरफ जा रहा है। सूचना के बाद SSP के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया।

सूटकेस और बैग से मिले 17 पैकेट
पुलिस टीम ने घोड़ा चौक के पास संदिग्ध युवक को काले रंग के सूटकेस और फिरोजी रंग के पिट्ठू बैग के साथ पकड़ लिया। तलाशी लेने पर सूटकेस से भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटे गांजे के 14 पैकेट मिले। वहीं पिट्ठू बैग से 3 पैकेट बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार सभी 17 पैकेट का वजन करने पर कुल 17 किलो 274 ग्राम गांजा पाया गया।
आरोपी बिहार के भोजपुर का रहने वाला
गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह बिहार के भोजपुर जिले के आरा थाना क्षेत्र के बारा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से गांजे के अलावा सूटकेस, पिट्ठू बैग और नीले रंग का Apple iPhone भी बरामद किया है।


