
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के रातु थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली और इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। चटकपुर इलाके में करम पूजा की रात 20 वर्षीय युवती के साथ 3 से 4 अज्ञात युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी का माहौल बना हुआ है।

नानी घर आई थी युवती, रास्ते से उठाकर ले गए दरिंदे
पीड़ित युवती करम पूजा के पावन अवसर पर चटकपुर स्थित अपने नानी के घर आई हुई थी। पूजा कार्यक्रम से वापस घर लौटने के दौरान, घर के पास ही घात लगाए बैठे अज्ञात दरिंदों ने उसे अचानक दबोच लिया। आरोपी युवती को जबरन खींचकर सुनसान जगह पर ले गए और बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पीड़िता ने परिजनों को सुनाई आपबीती, सदर अस्पताल में मेडिकल जांच
किसी तरह हिम्मत जुटाकर घर पहुंची पीड़ित युवती ने परिजनों को अपने साथ हुई इस दरिंदगी की पूरी जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत इस खौफनाक घटना की लिखित जानकारी रातु थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और पीड़िता को प्राथमिक उपचार के साथ-साथ मेडिकल जांच के लिए रांची के सदर अस्पताल भेजा।
CCTV और टेक्निकल टीम की मदद से दरिंदों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही रातु थाने की पुलिस पीड़िता के घर पहुंची और पीड़िता समेत उसके परिजनों से मामले की पूरी जानकारी जुटाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और टेक्निकल टीम की मदद से अज्ञात अपराधियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।


