
Chatra: चतरा के इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर में 11 साल बाद आभूषण दान पेटी खोली गई। तीन धर्मों सनातन, जैन और बौद्ध की आस्था से जुड़े इस प्रसिद्ध मंदिर में श्रद्धालुओं ने वर्षों से सोने-चांदी के आभूषण दान किए थे। दान पेटी खोलने के दौरान न्यास समिति के सदस्य, स्थानीय पुजारी और रैयत मौजूद रहे।

सोने और चांदी का बड़ा भंडार मिला
मां भद्रकाली न्यास समिति के आंकड़ों के अनुसार दान पेटी से कुल 1 किलो 627 ग्राम सोना और 62 किलो 700 ग्राम चांदी प्राप्त हुई है। लंबे समय से बंद दान पेटी खोले जाने के बाद इतनी मात्रा में कीमती धातुएं मिलने की जानकारी सामने आई है।

प्रशासन को दी गई जानकारी
न्यास समिति के अध्यक्ष वाई.के. सिंह चौहान के मुताबिक दान पेटी से प्राप्त सोने-चांदी की विधिवत जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गई है। अब सुरक्षाबलों की निगरानी में इन कीमती धातुओं की शुद्धता की जांच कराई जाएगी।
सोने से बनेगा मां का भव्य छत्र
समिति की योजना के अनुसार श्रद्धालुओं के दान में मिले सोने का इस्तेमाल मंदिर के सौंदर्यीकरण में किया जाएगा। लगभग एक किलो सोने से बनारस में मां भद्रकाली के लिए भव्य छत्र तैयार कराने की योजना है।
चांदी से सजेगा मंदिर का गर्भगृह
वहीं प्राप्त चांदी का इस्तेमाल मंदिर के गर्भगृह की साज-सज्जा में करने की योजना है। समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से मिले इस दान का इस्तेमाल मंदिर के सौंदर्य और धार्मिक स्वरूप को और बेहतर बनाने में किया जाएगा।


