
Bokaro: जमशेदपुर में मंत्री की पुत्री की सड़क हादसे में मौत के बाद सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। इसी कड़ी में बोकारो में भी देर रात विशेष चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया गया।

बोकारो SP के निर्देश पर सिटी DSP राजीव रंजन खुद सड़क पर उतरे और सेक्टर-4, सेक्टर-6 तथा B.S. City थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।

गश्ती दल और जवानों की जांच
निरीक्षण के दौरान सिटी DSP ने रात्रिकालीन गश्ती दल और रक्षक राइडर की सक्रियता का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की हाजिरी भी जांची गई।
DSP ने पुलिसकर्मियों को रात की गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया।
संदिग्ध वाहनों की हुई जांच
रात में पुलिस टीम ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान संदिग्ध लोगों और वाहनों को रोककर पूछताछ की गई और वाहनों के कागजात की जांच की गई। अभियान का उद्देश्य रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अपराध नियंत्रण को मजबूत करना था।
ड्रंक एंड ड्राइव पर भी सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की। ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रात की गश्ती, एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का फोकस सड़क सुरक्षा के साथ अपराध नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने पर रहेगा।


