
आरा: भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चलती ऑटो में स्नातक की छात्रा से कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। शनिवार को आरा-सलेमपुर मार्ग पर महुली और बलुआ छलका के बीच छात्रा ने चालक पर छेड़खानी का आरोप लगाया। आरोप है कि चालक की हरकत से परेशान होकर छात्रा ने खुद को बचाने के लिए चलती ऑटो से छलांग लगा दी। सड़क पर गिरने के कारण छात्रा के सिर में हल्की चोट आई।

कंप्यूटर क्लास से घर लौट रही थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, छात्रा शनिवार को धोबहा बाजार में कंप्यूटर क्लास करने गई थी। क्लास खत्म होने के बाद वह ऑटो से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान महुली-बलुआ छलका के समीप ऑटो चालक ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी।

छात्रा ने चालक की हरकत का विरोध किया। आरोप है कि विरोध के बावजूद चालक अपनी हरकत से बाज नहीं आया। इसके बाद छात्रा ने खुद को बचाने के लिए चलती ऑटो से छलांग लगा दी। ऑटो से कूदने के बाद छात्रा सड़क पर गिर गई, जिससे उसके सिर में हल्की चोट आई। घटना के बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया
सूचना मिलने के बाद डायल-122 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रा से घटना की जानकारी लेने के बाद आरोपित ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी विजय कुमार चौरसिया उर्फ मस्तो के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ऑटो को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा के लिखित आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाने में आरोपित चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर मुफस्सिल थाना प्रभारी राम कल्याण यादव ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। छात्रा के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रविवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


