
Palamu News: पलामू पुलिस ने शहर थाना कांड संख्या 315/2026 का खुलासा करते हुए अंतरजिला गृहभेदन और चोरी गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर करीब 45 ग्राम सोना, माला और लॉकेट समेत लगभग 80 ग्राम सोने जैसे आभूषण और करीब 7.8 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण बरामद किए गए हैं।

इसके अलावा घरों के दरवाजे और खिड़की काटने या तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले कई औजार भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

28 अगस्त को घर में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त 2026 को सदुना, गायत्री मंदिर रोड निवासी प्रेमजीत कुमार सिंह के घर चोरी हुई थी। इस मामले में शहर थाना में केस दर्ज किया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए SP कपिल चौधरी (IPS) के निर्देश पर सदर SDPO राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल बनाया गया। टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी शाखा और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
ओडिशा से शुरू हुई पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस टीम तीन संदिग्धों को ओडिशा के रायरंगपुर, मयूरभंज से पूछताछ के लिए पलामू लेकर आई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने पलामू और गढ़वा के अलग-अलग इलाकों में चोरी करने के तरीके के बारे में जानकारी दी।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य दिन के समय बंद घरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में उन्हीं घरों को निशाना बनाकर चोरी की जाती थी।
चोरी के गहने बेचने का भी खुलासा
पुलिस के अनुसार जांच में यह जानकारी सामने आई कि चोरी किए गए आभूषण डेहरी के डालमियानगर स्थित प्रमोद ज्वेलर्स में बेचे जाते थे। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां से दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ और आगे की कार्रवाई के दौरान शहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग तारीखों पर हुई चोरी की कई घटनाओं में आरोपियों की कथित संलिप्तता सामने आई।
पांच आरोपी गिरफ्तार
मामले में लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, प्रमोद सोनी, अरविन्द खेरवार, राजू कुमार और राज कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषणों के अलावा पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब और अन्य औजार बरामद किए गए हैं। कार्रवाई में सदर SDPO राजेश यादव, प्रोबेशनरी DSP मृत्युंजय गोप, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत क्राइम कंट्रोल विंग और शहर थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल रहे।


