
Mumbai: हिंदी फिल्म उद्योग (बॉलीवुड) में एक बार फिर आयकर विभाग (Income Tax Department) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। मुंबई इनकम टैक्स विभाग की टीमों ने टैक्स चोरी और फिल्मों के नाम पर विदेशों में संदिग्ध लेन-देन के मामले में कई नामी हस्तियों और बड़े प्रोडक्शन हाउसों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है।

रकुलप्रीत सिंह और वासु भगनानी के 12 ठिकानों पर छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के तहत मशहूर बॉलीवुड और साउथ एक्ट्रेस रकुलप्रीत सिंह, जाने-माने फिल्म निर्माता वासु भगनानी और ‘दृश्यम’ जैसी फिल्में बनाने वाले पैनोरमा स्टूडियोज (Panorama Studios) से जुड़े करीब 12 ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आईटी विभाग की अलग-अलग टीमें मुंबई स्थित इन दफ्तरों और परिसरों की बारीकी से जांच कर रही हैं।

विदेशों में पैसा भेजने और वित्तीय हेराफेरी का शक
सूत्रों के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग को काफी समय से यह जानकारी मिल रही थी कि फिल्मों की शूटिंग, ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन के नाम पर भारी रकम विदेशों में भेजी जा रही है। जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि इस पूरी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर टैक्स की हेराफेरी और वित्तीय गड़बड़ियां की गई हैं। इसी सिलसिले में सबूत जुटाने के लिए यह छापेमारी की जा रही है।
रामायण फिल्म में नजर आने वाली हैं रकुलप्रीत सिंह
आपको बता दें कि रकुलप्रीत सिंह बॉलीवुड और साउथ सिनेमा का एक बड़ा नाम हैं, जिन्होंने ‘दे दे प्यार दे’ और ‘डॉक्टर जी’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। वे जल्द ही इस साल की बड़ी फिल्म ‘रामायण’ में भी नजर आने वाली हैं। वहीं वासु भगनानी ‘पूजा एंटरटेनमेंट’ के बैनर तले कई बड़ी फिल्में बना चुके हैं। फिलहाल आईटी विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी है और जांच पूरी होने के बाद विभाग की ओर से बड़ा खुलासा किया जा सकता है।


