
New Delhi: सोशल मीडिया पर 16 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाली मशहूर इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी क्वीन निधि तिवारी की खुदकुशी के मामले में एक बेहद भावुक मोड़ सामने आया है। अपने घर में फांसी का फंदा लगाने से ठीक पहले निधि तिवारी ने अपने वॉट्सएप पर एक स्टेटस शेयर किया था। यह पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रहा है, जो उनके भीतर चल रहे अकेलेपन और मानसिक तनाव की ओर इशारा कर रहा है।

आखिरी स्टेटस में छलका निधि तिवारी का दर्द
30 साल की निधि तिवारी ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर लिखा, “इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया… इसलिए कहा जाता है खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं। खुद में खुद को तलाश करो, किसी और में आखिर कब तक तलाशोगे खुद को…” निधि का यह भावुक पोस्ट इस बात का साफ संकेत दे रहा है कि वे किसी रिश्ते में भावनात्मक रूप से काफी आहत थीं और खुद को अकेला महसूस कर रही थीं।

फोन पर तीखी बहस के बाद उठाया खौफनाक कदम
मामला मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:20 बजे निधि अपने कमरे में थीं और पंजाब के रहने वाले सोनू सिंह नाम के व्यक्ति से फोन पर बात कर रही थीं। परिजनों का दावा है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। इसके तुरंत बाद सोनू सिंह ने निधि की मां को फोन करके बताया कि निधि कमरे में फांसी लगाने की कोशिश कर रही है।
दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही परिजन तुरंत ऊपर के कमरे की तरफ भागे, लेकिन दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो निधि पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोरवा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वायरल स्टेटस, कॉल रिकॉर्ड्स और सोनू सिंह से हुई बातचीत के आधार पर आत्महत्या की असली वजह तलाशने में जुटी है।


