
Jamshedpur: जमशेदपुर शहर में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। गोलमुरी थाना क्षेत्र के केनरा बैंक में हुई डकैती और सोनारी के बिंदल मॉल में गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस की निगरानी और गश्त पर खास जोर दिया जा रहा है।

बाइक लेकर खुद सड़क पर निकले SSP
इसी सिलसिले में जमशेदपुर के SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब रविवार देर रात खुद बाइक लेकर शहर की सड़कों पर निकले। उनके साथ पुलिस बल भी मौजूद था। SSP ने कई इलाकों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अलग-अलग जगहों पर औचक निरीक्षण किया।

चौक-चौराहों पर रुककर लोगों से की बात
निरीक्षण के दौरान SSP ने शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर बाइक रोकी और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और पूछा कि कहीं किसी तरह की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध लोगों की आवाजाही तो नहीं हो रही है।
इस दौरान स्थानीय स्तर पर होने वाली गतिविधियों और रात के समय की स्थिति के बारे में भी लोगों से जानकारी ली गई, ताकि पुलिस को जमीनी हालात का पता चल सके।
देर रात अड्डेबाजी करने वालों को चेतावनी
SSP ने चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर देर रात तक बिना किसी काम के अड्डेबाजी करने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि रात में बेवजह जमा रहने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।


