
Gumla: गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरडीह परसा गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 25 वर्षीय युवक प्रवीण गोप की पहाड़ी से लुढ़की चट्टान की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद से ही मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

बारिश से बचने के लिए गया था पहाड़ की ओर, तभी हुआ हादसा
मृतक के पिता वासुदेव राय ने बताया कि प्रवीण दोपहर में खाना खाने के बाद अपने खेत में काम करने गया था। इसी बीच अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए प्रवीण पास की पहाड़ी की आड़ में चला गया। तभी अचानक पहाड़ के ऊपरी हिस्से से एक भारी चट्टान खिसककर उसके ऊपर आ गिरी। चट्टान के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल ले जाते समय कार भी हुई दुर्घटनाग्रस्त
हादसे के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल प्रवीण को रायडीह स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण परिजन निजी कार से उसे लेकर गुमला जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे घायल प्रवीण को दोबारा गंभीर चोटें आ गईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना के बाद बीती रात किसी तरह प्रवीण को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर पीसी भगत ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद गुमला थाने के एएसआई अरविंद कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


