
Koderma: कोडरमा जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रसिद्ध तिलैया डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। पानी की लगातार हो रही आवक को देखते हुए प्रशासन और डीवीसी (DVC) प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा के लिहाज से डैम में नौका विहार (बोटिंग) पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

गतिविधियों पर कड़ी नजर, खोले जा सकते हैं डैम के गेट
डैम क्षेत्र में लोगों की आवाजाही और पर्यटकों की गतिविधियों पर पुलिस और प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि यदि जलस्तर निर्धारित सीमा से ऊपर बढ़ता है, तो पानी के भारी दबाव को नियंत्रित करने के लिए तिलैया डैम के फाटक (गेट) कभी भी खोले जा सकते हैं।

डीवीसी की टीम कर रही है 24 घंटे मॉनिटरिंग
डैम की स्थिति पर काबू रखने के लिए डीवीसी की विशेष टीम लगातार जलस्तर की मॉनिटरिंग कर रही है। अधिकारियों की टीम हर पल स्थिति का जायजा ले रही है और पानी के आवक-जावक के आंकड़ों पर पैनी नजर बनाए हुए है। प्रशासन का मकसद किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टालना है।
प्रशासन की अपील: डैम के पास न जाएं लोग
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और डीवीसी की ओर से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे डैम के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। सभी लोगों से सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने और जलाशयों के करीब जाने से बचने का आग्रह किया गया है।


