
Chatra: चतरा जिले के सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुरवे स्टेडियम के पास कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे खड़े हाइवा से अनियंत्रित होकर टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

केबिन में फंसा रहा चालक, रेस्क्यू के दौरान खत्म हुई गैस
108 एंबुलेंस के चालक ने बताया कि कोयला लदा ट्रेलर धनघटा घाटी से आ रहा था, तभी सड़क पर पहले से खराब खड़े हाइवा से जा भिड़ा। हादसे में बड़कागांव के सीकरी निवासी 28 वर्षीय चालक धीरंजन साव केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए तुरंत गैस कटर मंगाकर रेस्क्यू शुरू किया गया, लेकिन बीच में ही कटर की गैस खत्म हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंची सिमरिया थाना पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर शव को बाहर निकाला।

उपचालक रेफर, सड़क किनारे शव रखकर परिजनों ने मांगा मुआवजा
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल उपचालक को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं सुबह होते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को सड़क किनारे रखकर 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग शुरू कर दी। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि जब तक पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर, वार्ता जारी
घटना की जानकारी मिलते ही सिमरिया के अंचलाधिकारी (सीओ) गौरव कुमार राज और थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन का प्रयास है कि मुआवजे की मांग पर जल्द सहमति बन जाए, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सके।


