
Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला जाना है। मैच को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी सिलसिले में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय में अधिकारियों और JSCA पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बिना टिकट स्टेडियम के आसपास नहीं जुट सकेंगे लोग
बैठक में मैच के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर खास चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेडियम और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए।
खास तौर पर दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने देने का निर्देश दिया गया है, ताकि भीड़ बढ़ने से किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
निर्धारित गेट से कतार में मिलेगा प्रवेश
दर्शकों को स्टेडियम के निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे एंट्री गेट खुलने से पहले पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लगें।
साथ ही दर्शकों से कहा गया है कि वे किसी भी प्रतिबंधित सामान के साथ स्टेडियम में प्रवेश न करें।
ट्रैफिक और पार्किंग पर भी रहेगी नजर
मैच के दौरान शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक मैनेजमेंट पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा गया है।
अधिकारियों और JSCA के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस और JSCA के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का लक्ष्य है कि मैच के दौरान सुरक्षा, यातायात और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रहें।
बैठक में SSP रांची राकेश रंजन, ADM लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, SDO सदर कुमार रजत, SP सिटी पारस राणा, SP ट्रैफिक राकेश सिंह, ट्रेनी IAS आस्था शरण सहित JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


