
Jharkhand Congress Protest: निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, स्पेशल गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सोमवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुराना विधानसभा परिसर से एक विशाल जुलूस निकाला और धुर्वा स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

पुतला दहन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां जुलूस एक बड़ी सभा में बदल गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई।

दिग्गज नेताओं ने साधा निशाना, कहा- निष्पक्ष चुनाव सबसे जरूरी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था ही लोकतंत्र की सबसे मजबूत बुनियाद है, और अगर जनता के मन में सवाल हैं तो आयोग को जवाब देना होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट से कटना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। वहीं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।
राज्यभर में प्रदर्शन, कई बड़े चेहरे रहे मौजूद
रांची के अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी कांग्रेस की ओर से इसी तरह के विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। रांची के इस कार्यक्रम में बंधु तिर्की, धीरज प्रसाद साहू, शहजादा अनवर, केएन त्रिपाठी, राजेश कच्छप समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


