
Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से 24 सितंबर की सुबह 4 साल के विवान कुमार के अपहरण के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चुटिया थाना में केस दर्ज होने के बाद बच्चे की तलाश के लिए SSP रांची के निर्देश पर SIT बनाई गई थी। टीम ने तकनीकी जांच और CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को धनबाद रेलवे स्टेशन से एक संदिग्ध रोहित मुखर्जी को धनबाद पुलिस और RPF की मदद से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस का दावा है कि रोहित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्चे को ले जाने की बात बताई।

साहिबगंज के तीनपहाड़ से सकुशल मिला बच्चा
पुलिस के अनुसार, रोहित मुखर्जी से मिली जानकारी के आधार पर साहिबगंज पुलिस की मदद से तीनपहाड़ इलाके में छापेमारी की गई। यहां एक आरोपी बिट्टु कुमार सिंह के नानी घर से विवान को बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक बच्चा बिट्टु और कयूम के पास था और उसे सकुशल रांची लाया गया।
मामले में पुलिस ने रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, बिट्टु कुमार सिंह, छोटु कुमार, तसबोर शेख और जमादार शेख को गिरफ्तार किया है। वहीं एक किशोर को भी निरुद्ध किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक मोबाइल चोरी से भी जुड़ा है नेटवर्क
अनुसंधान के दौरान पुलिस के सामने इस गिरोह को लेकर एक और जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, रोहित मुखर्जी चोरी के मामलों में जेल भेजे गए बच्चों को जमानत दिलाने में मदद करता था और लावारिस बच्चों को अपने गिरोह में शामिल कर अलग-अलग शहरों के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करवाता था।
पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए मोबाइल को बांग्लादेश में खपाया जाता था। हालांकि इस नेटवर्क के पूरे कनेक्शन और बच्चे के अपहरण के पीछे की वजह को लेकर जांच अभी जारी है।
पांच मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार रोहित मुखर्जी का पहले भी आपराधिक मामला दर्ज रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली थाना में वर्ष 2015 का मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वहीं छोटु कुमार के खिलाफ तीनपहाड़ थाना में 2026 का एक मामला दर्ज बताया गया है।
कई जिलों की पुलिस और RPF ने मिलकर की कार्रवाई
बच्चे की बरामदगी के लिए रांची पुलिस की SIT ने तकनीकी शाखा और CCTV फुटेज के आधार पर काम किया। कार्रवाई में रांची के चुटिया, कोतवाली, लोअर बाजार और लालपुर थाना के पुलिस अधिकारी व कर्मी शामिल रहे। इसके अलावा धनबाद और साहिबगंज पुलिस के साथ RPF और GRP की भी मदद ली गई।
पुलिस टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर के.बी. रमण, चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजुर, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।


