
Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटकपुर गांव में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। करम पर्व मनाने गई 19 वर्षीय एक युवती के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार गहरे सदमे में है, जबकि क्षेत्र में लोगों के बीच भारी आक्रोश है।

पुलिस ने तेज की छापेमारी, 3 संदिग्ध हिरासत में
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को दबोचने के लिए छापेमारी तेज कर दी। शनिवार रात डीएसपी-2 अजय आर्यन और रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीण एसपी और एफएसएल (FSL) टीम ने ली जानकारी
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी खुद रातू थाना पहुंचे। उनके साथ डीएसपी अजय आर्यन और तकनीकी टीम भी मौजूद रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की और त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल और थाने पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य (एविडेंस) जुटाए।
तकनीकी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस की तकनीकी टीम मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से घटना के सभी पहलुओं और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की कड़ी जोड़ने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर सभी मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


