
Koderma: कोडरमा के डोमचांच प्रखंड में बिजली की खराब व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें मुश्किल से 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है और उसमें भी लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। मेंटेनेंस, ओवरलोड और लोड शेडिंग के नाम पर कई-कई घंटे बिजली काट दी जाती है।

बरसात के मौसम में परेशानी और बढ़ गई है। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और ग्रामीण इलाकों में सांप-बिच्छू का डर भी बना रहता है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

पूर्व विधायक ने दिया 5 दिन का अल्टीमेटम
बिजली संकट को लेकर धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने बिजली विभाग को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर इस अवधि में डोमचांच को 20 से 22 घंटे बिजली देने की व्यवस्था नहीं सुधरी तो 14 सितंबर को डोमचांच पावर सब-स्टेशन का घेराव किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, लेकिन सांसद और विधायक इस मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने साफ कहा कि लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है तो डोमचांच को ‘नो पावर जोन’ घोषित किया जाए।


